मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर एहतमाली के मामले में जिला प्रशासन शीघ्र ही चकबंदी आयुक्त को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। चकबंदी आयुक्त ही इस मामले में निर्णय लेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि चकबंदी विभाग ने गलत रिपोर्ट चकबंदी निदेशालय को दी है।
कल्याणपुर एहतमाली के लोगों ने डीएम सहित अन्य अधिकारियों को प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उनके गांव में एमडीए का मास्टर प्लान 2031 लागू है। ग्राम में 40 वर्ष पूर्व से आबादी और दुकानें हैं। हजारों की संख्या में आवासीय प्लॉट भी मौजूद हैं। उद्योग भी लगाए गए हैं। ग्राम शहरी क्षेत्र के अंतर्गत है। साथ ही मुख्य सड़क से लगा हुआ है। ग्राम की अधिकतर भूमि औद्योगिक, व्यापारिक महत्त्व की है। प्रस्ताव 13 के अनुसार ऐसे ग्राम जो चकबंदी योजना से पूर्व से शहरी क्षेत्र में है। नगर निकाय और विकास प्राधिकरण में शामिल हैं या आगामी पांच वर्ष में नगर विस्तार की संभावना है। ऐसे क्षेत्र को चकबंदी प्रक्रिया से बाहर रखा जाता है। जिला चकबंदी अधिकारी राजेंद्र राम का कहना है कि इस मामले में शीघ्र ही जिला प्रशासन के माध्यम से आयुक्त को रिपोर्ट भेजी जाएगी।