बिलारी। स्मार्ट मीटर लगाए जाने से उपभोक्ताओं को आ रही परेशानियों को लेकर अब कांग्रेस पार्टी भी खफा है। शनिवार को कांग्रेस के पदाधिकारियों ने तहसील में एसडीएम के प्रतिनिधि के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा और 12 मई तक समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन शुरू करने का एलान किया।
तहसील के सामने स्थित नगर के डॉ आंबेडकर पार्क पर ब्लॉक बिलारी और ब्लॉक कुंदरकी के कांग्रेस पदाधिकारी इकट्ठा हुए। यहां से तहसील पहुंचकर एसडीएम के प्रतिनिधि को प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि बिलारी तहसील के कुंदरकी नगर में विद्युत विभाग द्वारा अनेक उपभोक्ताओं के घरों पर लगे पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं। अब पुराने मीटर के मुकाबले नए स्मार्ट मीटर से 4 गुना ज्यादा बिल आ रहा है। कुंदरकी नगर के अधिकतर उपभोक्ता मजदूरी करते हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक धनराशि के बिल आने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हो रही है। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि 12 मई तक कुंदरकी नगर में लगे स्मार्ट मीटर नहीं हटाए गए, तब कांग्रेस कमेटी द्वारा कुंदरकी नगर और बिलारी तहसील में एसडीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में सभी स्मार्ट मीटर हटाकर पहले की तरह पुराने पोस्टपेड मीटर लगवाने की मांग दोहराई गई। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के जिला महासचिव इंजीनियर मोहम्मद अयाज एडवोकेट, कुंदरकी नगर अध्यक्ष शौकत अली, बिलारी नगर अध्यक्ष मोहम्मद फारूख, बिलारी ब्लॉक अध्यक्ष मुख्तार अंसारी, एहसान चौधरी, डॉ अनवार हुसैन, शाकिर कुरैशी, इद्रिस अहमद, शकील अहमद आदि मुख्य थे।