भोजपुर थानाक्षेत्र के आंवला घाट में बुधवार की दोपहर करीब पौने तीन बजे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी ने अपने गार्ड के साथ मिलकर साले-बहनोई पर फायरिंग कर दी। साले-बहनोई ने भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सचिन चौधरी और उनके गार्ड अत्यंत सिंह को हिरासत में ले लिया और रायफल बरामद कर ली। पुलिस ने जानलेवा हमले में प्राथमिकी दर्ज कर सचिन चौधरी और अत्यंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
भोजपुर थानाक्षेत्र के जैतपुर निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके बहनोई अमरोहा के कालाखेड़ा निवासी पवन कुमार और पाकबड़ा के सुपरटेक कॉलोनी निवासी एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी ने दिल्ली निवासी कारोबारी की आंवला घाट स्थित 156 बीघा जमीन खरीदी थी।
कुलदीप का आरोप है कि जमीन खरीदने के कुछ दिन बाद ही सचिन चौधरी ने पूरी जमीन को अपना बताना शुरू कर दिया था। इस मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन के पास तक पहुंची तो जमीन की पैमाइश करा दी गई थी। कुलदीप का दावा है कि पवन को 78 बीघा और सचिन को 78 बीघा जमीन दे दी गई थी।
बुधवार को कुलदीप सिंह और पवन कुमार जमीन की जोताई कराने गए थे। इसी जानकारी मिलने पर सचिन चौधरी अपने गार्ड रामपुर के शाहबाद थानाक्षेत्र के मंगोली निवासी अत्यंत सिंह के साथ पहुंच गए। उन्होंने जोताई का विरोध शुरू कर दिया और कुलदीप और पवन के साथ गाली गलौज शुरू कर दी।
साले-बहनोई के विरोध करने पर सचिन ने अपने गार्ड की रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। कुलदीप और पवन अपनी जान बचाने को मौके से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने सचिन चौधरी और अत्यंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।