रामपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइंस क्षेत्र में राम रहीम पुल के पास पिछले 45 वर्षों से संचालित दुकानों के ध्वस्तीकरण से उत्पन्न संकट के मुद्दे पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सुबह लगभग 11 बजे सभी कांग्रेस कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि दुकानें टूटने के मानसिक आघात से एक दुकानदार की माैत हो गई, जबकि एक अन्य दुकानदार गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
कांग्रेस ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा, घायल दुकानदार के इलाज का खर्च तथा सभी प्रभावितों के समुचित पुनर्वास की मांग की। इस पर डीएम ने जानकारी दी कि यदि दुकानदार चाहें तो उन्हें बापू मॉल में दुकानें आवंटित की जा सकती हैं।
हालांकि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र के व्यापार की प्रकृति और ग्राहक आधार को देखते हुए बापू मॉल में कारोबार संचालित कर पाना संभव नहीं है। इसके स्थान पर कांग्रेस ने मीना बाजार क्षेत्र में पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास का एक व्यावहारिक और ठोस प्रस्ताव प्रशासन को सौंपा। डीएम ने इस सुझाव को सकारात्मक रूप से लेने का आश्वासन दिया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और वहां भी समस्या को लेकर अपनी बात रखी।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका परिषद की चेयरमैन से भी मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय कपूर, जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित, एआईसीसी सदस्य मुतिउर्रहमान बब्लू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।