काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) का परीक्षा परिणाम बुधवार दोपहर जारी कर दिया गया। 10वीं में पंकज कुमार और 12वीं में पुलकित राज सिंह जिला टाॅपर बने। दोनों ही विद्यार्थी स्प्रिंगफील्ड्स कॉलेज के हैं। परिणाम जारी होने के बाद स्कूल में जश्न मनाया गया। विद्यार्थियों को फूलमालाएं पहनाकर उन्हें मिठाई खिलाई गई।
परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में सुबह से ही उत्सुकता थी। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही परिणाम घोषित हुआ तो विद्यार्थियों में जोश भर गया। स्प्रिंगफील्ड्स कॉलेज के 10वीं के छात्र पंकज कुमार ने 97.4 प्रतिशत अंक व कक्षा 12 के छात्र पुलकित राज सिंह ने 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जिले में स्प्रिंगफील्ड्स कॉलेज, महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, विल्सोनिया कॉलेज, टाइनी टॉट्स कॉलेज, जीके वेल्हम कॉलेज, केके पब्लिक स्कूल, सेंट पॉल्स कॉलेज और एडम एंड ईव्स स्कूल सीआईएससीई से मान्यता प्राप्त हैं।
परिणाम जारी होते ही शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी स्कूलों में शिक्षकों का आशीर्वाद लेने पहुंंचने लगे। घरों में अभिभावकों और स्कूलों में शिक्षकों ने टॉप करने वाले विद्यार्थियों को मिठाई खिलाई। शुरू में करीब 25 मिनट सर्वर व्यस्त रहा। इसके बाद आसानी से परिणाम जारी होने लगा। उम्मीद के अनुरूप परिणाम देखकर विद्यार्थियों और अभिभावकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। 12वीं के जिला समन्वयक आशीष संतराम ने बताया कि जनपद में करीब 700 विद्यार्थियों ने इस बार 12वीं की परीक्षा दी थी। इस बार का परिणाम उम्मीद के मुताबिक है। कक्षा 10वीं की बात करें तो कॉमर्स के विद्यार्थियों के अंक विज्ञान वर्ग के मुकाबले कम रहते हैं, लेकिन इस बार महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की छात्रा फबीहा जमाल ने 97 प्रतिशत अंक पाकर इस वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया है।