बिलारी। थाना क्षेत्र के बहादरपुर गांव में सोमवार देर रात दो वर्गों में हुई मारपीट की घटना के बाद बुधवार को शांति रही। पुलिस ने भागे नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी। उधर अल्पसंख्यक वर्ग की कई महिलाओं ने मुरादाबाद में एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराने, न्याय और सुरक्षा की मांग उठाई।
याद रहे कि बीते सोमवार की रात मस्जिद की ओर गए कुत्ते को पीटने की रंजिश में दो वर्गों के लोगों में हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए थे। बहुसंख्यक वर्ग से कश्यप समाज के विनोद कश्यप की ओर से अल्पसंख्यक वर्ग के मलिक समाज के 16 नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को बहादरपुर गांव में पूर्ण शांति रही। एहतियात के तौर पर गांव के शिव मंदिर पर पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि नामजदों में से शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना बिलारी पुलिस की दो टीमें बना दी गई हैं। सीओ के अनुसार गांव में फिलहाल शांति है किसी तरह का कोई तनाव नहीं है। उधर बिलारी पुलिस ने बुधवार को नामजद आरोपियों के घरों पर दबिश दी लेकिन वह मौजूद नहीं मिले। ग्रामीणों से जानकारी करने पता चला है कि पुलिस के डर की वजह से नामजद आरोपी अपने घरों से फरार हो गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटनास्थल के आस पास के घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई जा रही है।
उधर घटना के आरोपी पक्ष से जुड़ी रेशमा, रईसन और कमर जहां आदि कई महिलाएं बुधवार दोपहर मुरादाबाद जाकर एसएसपी से मिलीं और प्रार्थना पत्र देकर दूसरे पक्ष के लोगों पर सुनियोजित तरीके झगड़ा करने का आरोप लगाया। रेशमा ने बताया कि एसएसपी ने उन्हें जांच कराकर न्याय और सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है। उधर गांव के दोनों वर्गों के कुछ लोग इस विवाद को आगामी पंचायत चुनाव की राजनीति से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि थाना पुलिस गांव पर सतर्क नजर रखे हुए है।