कांठ। नगर पंचायत कांठ के वार्ड चार माननगर उर्फ कांठ में नगरीय निकाय निदेशालय के निर्देश पर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरीय योजना (सीएमवीएनवाई) के अंतर्गत जल्द ही 1.99 करोड़ रुपये की लागत से एक सामुदायिक केंद्र (बारात घर) बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है।
शनिवार को इस संबंध में नगर पंचायत कांठ के अध्यक्ष इकबाल आलम के नेतृत्व में अधिशासी अधिकारी प्रियंका सहित सभी 17 वार्डों के सभासद जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह से मिले। उन्होंने सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए सार्वजनिक भूमि की आवश्यकता बताते हुए जल्द से जल्द भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी। कहा कि सामुदायिक केंद्र के लिए शासन से 1.99 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत हो गई है। यदि जल्द ही भूमि मिल जाए तो कार्य शुरू कराया जा सकेगा। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कांठ संत दास पंवार को जल्द से जल्द माननगर उर्फ कांठ के क्षेत्र में भूमि का चिह्नित कराकर नगर पंचायत को उस पर कब्जा दिलवाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम ने बताया कि सामुदायिक केंद्र से नगर क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ पहुंचेगा। वर्तमान समय में नगर पंचायत कांठ में दो सामुदायिक केंद्र संचालित हैं। जिनमें नगर के लोग अपने वैवाहिक व अन्य कार्यक्रम करते हैं।