भोजपुर थानाक्षेत्र में काशीपुर मुरादाबाद मार्ग पर चकबेगमपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार हिंदू कालेज के छात्र की मौत हो गई। जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
हादसे में मृत जोगेंद्र सिंह पुत्र रामेश सैनी कुंदरकी के जैतपुर पट्टी गांव निवासी था। वह हिन्दू कालेज से एमए कर रहा था। शुक्रवार को जैतपुर पट्टी निवासी राजू सैनी की शादी थी। ठाकुरद्वारा के कमालपुरी गांव में बारात गई थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे जोगेंद्र कृपाल और रवि के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
इनकी बाइक भोजपुर क्षेत्र में चकबेगमपुर के पास पहुंची। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें जोगेंद्र की मौत हो गई। जबकि कृपाल और रवि घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने जोगेंद्र की लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दी।