मुरादाबाद। समाज का भय, बेटे-बेटी में फर्क वाली मानसिकता का दवाब या कुछ और... वजह चाहे जो भी हो झाड़ियों में फेंकी गई मासूम भयंकर दर्द से गुजर रही है। बुधवार को सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह महिला अस्पताल में बिटिया का हाल जानने पहुंचे। अस्पताल की सीएमएस डॉ. निर्मला पाठक ने बताया कि कुछ दिन एसएनसीयू में रखने के बाद ''लक्ष्मी'' की प्लास्टिक सर्जरी करानी होगी।
उसके कूल्हे का मांस कुत्तों ने खा लिया, यह सिर्फ ड्रेसिंग से पूरी तरह ठीक नहीं हो सकता। इसके लिए प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा आवारा कुत्तों ने बिटिया के चेहरे पर भी घाव कर दिए हैं। तीन दिन की मासूम की सहनशक्ति से सब हैरान हैं। बुधवार को एसएनसीयू में सीएमएस ने उसके लिए दूध मंगवाया। बच्ची का वजन तौला गया। डॉक्टरों का कहना है कि वजन के अनुसार वह पूरे नौ माह में पैदा हुई है। अस्पताल में उसकी पूरी देखरेख की जा रही है।
बुधवार को फिर उसे एंटी रैबीज वैक्सीन व सीरम दिया गया। जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. शम्स अनवर ने बच्ची की मरहम पट्टी की। दूसरी ओर मैनाठेर थाने की पुलिस बच्ची के माता-पिता की तलाश कर रही है। दूसरे दिन भी पुलिस को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। -
प्लास्टिक सर्जरी के लिए मुरादाबाद में व्यवस्था बनाएगा विभाग
बिटिया की प्लास्टिक सर्जरी के लिए स्वास्थ्य विभाग मुरादाबाद में ही व्यवस्था बनाने में लगा है। मेरठ मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ को बुलाकर उसकी सर्जरी कराई जा सकती है। इसके अलावा शहर के निजी डॉक्टरों से संपर्क कर विकल्प तलाशा जा सकता है। पहले डॉक्टर बच्ची का घाव ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि बच्ची की स्थिति में सुधार है। घाव भरने के बाद प्लास्टिक सर्जरी की व्यवस्था की जाएगी।