मुरादाबाद। विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण के लिए मुख्यमंत्री फिलहाल नहीं आएंगे। शुक्रवार को कालेजों में ही छात्र-छात्राओं को इनका वितरण किया जाएगा। पहले चरण में जिले के 14 कॉलेज, संस्थाओं में इनका वितरण होगा। चयनितों को सूचना देकर कॉलेज बुलवाया गया है। कलक्ट्रेट पर 20 विद्यार्थियों को जनप्रतिनधियों द्वारा इनका वितरण कराया जाएगा।
पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि मुख्यमंत्री सात जनवरी को खुद जिले में आकर विद्यार्थियों को इनका वितरण करेंगे। तैयारियों के लिए डीएम और एसएसपी टीएमयू भी गए थे, लेकिन बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते सीएम का नोएडा दौरा सहित कई कार्यक्रम टल गए। इसके बाद से ही कयास लगने लगे थे कि शायद मुरादाबाद भी सीएम नहीं आएंगे।
बृहस्पतिवार देर शाम जिलाविद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि पहले चरण में शुक्रवार को सुबह नौ बजे जिले के 14 कॉलेजों में विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और टैबलेट का वितरण किया जाएगा। इन सभी संस्थाओं में वितरण की व्यवस्था कर ली गई है। संस्था के जिन विद्यार्थियों को वितरण होना है, उन्हें सूचना देकर कॉलेज में बुलवाया गया है। इसके अलावा स्मार्ट फोन और टैबलेट पाने वाले 10-10 लाभार्थियों को कलक्ट्रेट भी बुलाया गया है। यहां पर जनप्रतिनिधि इनका वितरण विद्यार्थियों को करेंगे। बाकी लाभार्थियों को इनका वितरण बाद में किया जाएगा।