बिलारी के पीपली में अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करते डीएम और अन्य अधिकारी-संवाद
बिलारी। ब्लॉक के पीपली गांव के जंगल में बने अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करने छह अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। इसी सिललिसे में शनिवार दोपहर डीएम और सीडीओ समेत अनेक अधिकारी अटल विद्यालय पहुंच और तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने आवासीय विद्यालय में अधूरे रहे कार्य हर हाल में दो दिन में पूरे कराने के निर्देश दिए।
पीपली गांव में बने मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय का भवन निर्माण पूरा हो चुका है और यहां पहला शिक्षा सत्र शुरू होने के दौरान कुल 541 छात्र छात्राएं पंजीकृत हुए हैं। बीते दिनों दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री को अटल आवासीय विद्यालय के शुरू हुए पहले शिक्षा सत्र के उदघाटन करने के चर्चाएं चलीं। दोनों बार मुख्यमंत्री का बिलारी आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया। अब तीसरी बार फिर प्रशासनिक हल्कों में चर्चा है कि प्रदेश मुख्यमंत्री छह अगस्त की दोपहर पीपली पहुंचकर अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करेंगे।
शनिवार दोपहर बाद डीएम अनुज सिंह, सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र, एसडीएम विनय कुमार सिंह, सीओ अशोक कुमार सिंह आदि अधिकारी अटल आवासीय विद्यालय पीपली पहुंचे। सबसे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र से छात्र छात्राओं को हुए नए प्रवेश, पुराने स्कूल से आए छात्रों आदि के बारे में जानकारी ली। छात्रों के ठहरने, मेस, रात्रि सुरक्षा आदि के बारे में पूछा। अब तक आए शिक्षण स्टाफ और आगे कार्यभार ग्रहण करने वाले स्टाफ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कराने वाली संस्था के प्रतिनिधि को मौके पर बुलाकर निर्देश दिए कि भवन परिसर में जो अवशेष निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें हर हाल में दो दिन में पूरा करा दिया जाए। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के आने का अभी प्रस्तावित कार्यक्रम है कोई कंफर्म कार्यक्रम नहीं है।
बिलारी के पीपली में अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करते डीएम और अन्य अधिकारी-संवाद