मुरादाबाद। सीएम ग्रिड योजना के तहत चौधरी चरण सिंह चौक से कैल्टन स्कूल तक की सड़क के चौड़ीकरण से पहले नाला बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। बरसात से पहले काम पूरा हो किया जा सके इसके लिए दोनों छोर से एक साथ काम शुरू किया गया है। दावा है कि नाला निर्माण के बाद स्थानीय लोगों को बरसात के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर के चौधरी चरण सिंह चौक से कैल्टन स्कूल तक के मार्ग का चयन किया गया है। करीब डेढ़ किमी इस मार्ग को सुंदर बनाने के साथ जल निकास की उचित व्यवस्था किए जाने का काम इसमें शामिल है। इस मार्ग की साइड पटरियों को भी सीसी टाइल्स की सहायता से आकर्षक बनाया जाएगा। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य किया जा रहा है।
निर्माण के लिए निगम प्रशासन की ओर से इसकी पैमाइश का काम पूरा किया जा चुका है। जल्द ही यहां सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा, लेकिन इससे पहले इस मार्ग के दोनों ओर पक्के नाले के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है।
इसके लिए बुधवार मार्ग के दोनों तरफ सड़क पटरी के बाद अभियंताओं की मौजूदगी में जेसीबी से नाला खोदाई का काम चलता रहा। निगम प्रशासन का मानना है कि नाला निर्माण हो जाने के बाद हर साल आसपास के क्षेत्र के लोगों को बरसात के पानी से होने वाले जलभराव से भी निजात मिल जाएगी।
-