मुरादाबाद मंडल में देर रात से ही तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी जारी रही। इसका असर शनिवार को भी देखने को मिला। सुबह से ही कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी जारी है। इससे मौसम सुहावना होने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
इससे पहले शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में बूंदाबांदी भी हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि रात होते-होते मौसम का मिजाज और बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, लेकिन बाद में व्यवस्था बहाल कर दी गई। वहीं, बारिश और हवाओं के चलते रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ था।
हालांकि अब मौसम में आए बदलाव के बाद तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।