मुरादाबाद के ताहरपुर और डींगरपुर में सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान के रिश्तेदार के क्लीनिक पर छापा मारकर दवाइयां जब्त की गईं। इसके बाद एक क्लीनिक सील किया गया। बिना पंजीकरण के क्लीनिक संचालित होने पर प्रशासन ने थाने में तहरीर दी है।
मुरादाबाद के थाना मैनाठेर के ताहरपुर और डींगरपुर में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुंदरकी सीट से सपा प्रत्याशी हाजी रिजवान के साढ़ू जाकिर के क्लीनिक पर छापा मारकर दवाइयां जब्त कीं। वहीं जाकिर के बेटे डाॅ. अब्दुल कादिर के क्लीनिक पर छापा मारकर उसे सील कर दिया।
विज्ञापन
डिप्टी सीएमओ का कहना है कि मामले की कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी गई है। शनिवार को तहसीलदार बिलारी सुदीप कुमार की अध्यक्षता में टीम गठित की गई थी। टीम ने शनिवार दोपहर ताहरपुर में एमजे जाकिर क्लीनिक पर छापा मारा। यहां पर कोई मरीज भर्ती नहीं मिला, लेकिन आईवी और एंटीबायोटिक दवाइयां व इंजेक्शन मिले।
टीम ने दवा आदि जब्त कर ली। डॉ. संजीव बेलवाल ने बताया कि जाकिर क्लीनिक संचालित करते हैं। जाकिर ने अपनी योग्यता आरएमटी बताई। डॉ. संजीव बेलवाल का कहना है कि क्षेत्राधिकारी आयुर्वेदिक अमरदीप सिंह के अनुसार यह योग्यता अनाधिकृत है। चूंकि यह क्लीनिक जाकिर के घर में संचालित था, इसलिए क्लीनिक को सील नहीं किया गया है।
विज्ञापन
यहां से सभी दवाइयां जब्त कर ली गई हैं। मामले की तहरीर थाने में दी गई है। इसके बाद टीम डींगरपुर कादरी क्लीनिक पर पहुंची। यहां पर क्लीनिक को हॉस्पिटल के रूप संचालित किया जा रहा था। इस हॉस्पिटल का पंजीकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में नहीं है।
डॉ. संजीव बेलवाल ने बताया कि डॉ. अब्दुल कादिर बिना पंजीकरण के कार्य कर रहे थे। इसकी वजह से आवेदन निरस्त कर दिया गया था। क्लीनिक को सील कर दिया। यहां पर मरीज भर्ती नहीं थे, लेकिन बिना योग्यता के चार युवतियां कार्य करती मिलीं। अब मामले में डॉ. अब्दुल कादिर को नोटिस जारी किया जाएगा।