चंदौसी (संभल)। मुंसिफ रोड पर विवेकानंद कॉलोनी स्थित एक फैक्टरी में पिपरमिंट (मेंथा) का तेल गर्म करते समय प्रेशर बनने से ड्रम फट गया। हादसे में गर्म तेल की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी से मुरादाबाद रेफर किया गया है। हादसे के समय वहां काम कर रहे अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए।
कोतवाली चंदौसी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विवेकानंद कॉलोनी स्थित आर ट्रेडर्स नामक फर्म में मेंथा तेल को गर्म करके दाने के रूप में मेंथा बोल्ड बनाने का काम किया जाता है। गुरुवार को मजदूर भट्टी पर ड्रम में मेंथा का तेल गर्म कर रहे थे। ड्रम के नीचे गैस की भट्टी का इस्तेमाल हो रहा था। ढक्कन बंद होने से ड्रम में प्रेशर बन गया और ड्रम फट गया।
खौलता हुआ मेंथा का तेल वहां काम कर रहे मजदूर नरोत्तम (26) निवासी गांव भगतपुर मिर्जा थाना कुढ़फतेहगढ़, दीपक (29) निवासी मोहल्ला बड़ा महादेव चंदौसी के ऊपर जा गिरा। वे बुरी तरह झुलस गए। इस बीच उनके कपड़ों ने आग भी पकड़ ली। बदहवास होकर दोनों मजदूर बाहर की ओर भागे। हादसे से वहां चीख पुकार मच गई। साथी मजदूरों ने सबमर्सिबल पंप से पानी चलाकर मजदूरों के कपड़ों और ड्रम में लगी आग बुझाई। हादसे की सूचना फैक्टरी मालिक को दी गई।
इसके बाद घायलों को सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया। दोनों के परिजन भी मुरादाबाद रवाना हो गए। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। कोतवाली चंदौसी के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि अभी तक मामले में किसी ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------
दूसरी फैक्टरी भेजे मजदूर, हादसा स्थल पर डाला ताला
चंदौसी। पुलिस को पता चला है कि विवेकानंद कॉलोनी स्थित मेंथा फैक्टरी में गर्म तेल का ड्रम फटने से दो मजदूरों झुलसने के दौरान परिसर में काफी मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद घायलों को सीएचसी भेजा गया, जबकि अन्य मजदूरों को दूसरी फैक्टरी भेजकर हादसे वाली फैक्टरी में ताला लगा दिया गया।
----------