मुरादाबाद। लंबित वेतन, इंसेटिव समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सीएमओ कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) आपस में ही भिड़ गए। बृहस्पतिवार दोपहर को सीएमओ कार्यालय में दो सीएचओ के बीच मारपीट की नौबत आ गई। जमकर खींचतान, गाली-गलौज और हंगामा हुआ। कई सीएचओ, स्टाफ नर्स समेत 100 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मी मौके पर थे, उन्होंने किसी तरह दोनों को समझाकर अलग-अलग बैठाया।
घटना के समय सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह कार्यालय में नहीं थे, वह प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की समीक्षा बैठक में थे। कार्यालय से उन्हें स्टाफ ने सूचना दी तो उन्होंने पुलिस को मौके पर भेजा, हालांकि तब तक स्वास्थ्य कर्मी कार्यालय से निकल चुके थे। इससे पहले उन्होंने कार्यालय में वित्त प्रबंधक विमल शर्मा का घेराव किया। आरोप लगाए कि उन्होंने टोकन देर से अपलोड किए जिसके कारण मुरादाबाद में कर्मचारियों का वेतन अब तक जारी नहीं हुआ है, जबकि बाकी जिलों में कर्मचारियों की सैलरी आ गई है। इसी बीच बातचीत को लेकर दो सीएचओ आपस में ही भिड़ गए। हंगामे व गाली-गलौज के बीच महिला कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थीं। यह घटना सीएमओ कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हंगामे के कुछ देर बाद सीएमओ वहां पहुंचे और सीएचओ को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी साथ ही कार्यालय परिसर में अमर्यादित व्यवहार के लिए नाराजगी जताते हुए चेतावनी भी दी। उन्होंने बताया कि स्पर्श पोर्टल पर सभी का विवरण अपलोड हो गया है, वेतन उनके खातों में पहुंचने लगा है।