फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ध्रुव अपहरण कांड : चीनी कंपनी ने उलझाई अपहर्ताओं की इंटरनेट कॉल ट्रेसिंग

Tue, 11 Aug 2020 03:05 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन

मासूम ध्रुव का अपहरण करने के बाद फिरौती के लिए की गई इंटरनेट कॉल की ट्रेसिंग एक चीन की कंपनी ने उलझा दी है। मुरादाबाद पुलिस ने कॉल डिटेल जानने के लिए पूरी ताकत लगा दी है लेकिन सोमवार शाम तक भी इस कंपनी ने डेटा नहीं भेजा। अब इस मामले में आला स्तर पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों को पूरी उम्मीद है कि आला अधिकारियाें के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को यह डेटा उपलब्ध करा दिया जाएगा।

विज्ञापन


मझोला लाइन पार रामलीला मैदान के पास से शुक्रवार दोपहर फाइनेंस कंपनी कर्मचारी गौरव कुमार के पांच साल के बेटे ध्रुव को अगवा कर लिया गया था। इसके बाद इंटरनेट कॉलिंग के जरिये गौरव से तीस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। अगले दिन शनिवार को अपहरणकर्ताओं ने ध्रुव को कौशांबी रोडवेज बस अड्डे पर रोडवेज की बस में बैठा दिया था। इससे पहले अपहरणकर्ताओं ने गौरव को कॉल भी की थी। बच्चे के बरामद होने के बाद पुलिस ने इस मामले से जुड़े अहम सुराग जुटा लिए हैं।

चूंकि फिरौती मांगने के लिए इंटरनेट कॉल की गई थी इसलिए पुलिस अफसरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन्हीं कॉल को ट्रेस करने की है। सामान्य कॉल तो तत्काल ट्रेस हो सकती थी। इंटरनेट कॉलिंग के लिए संबंधित कंपनियों से डेटा मांगा गया है। यहीं पेंच फंसा है। एक कंपनी ने डेटा के लिए दूसरी कंपनी पर टाला तो दूसरी ने तीसरी पर। यह तीसरी कंपनी चीन की है जो पूरे प्रकरण को उलझाकर बैठ गई है। वायदा करने के बावजूद सोमवार को डेटा नहीं भेजा गया। हालांकि लखनऊ स्तर पर भी इस बाबत अवगत करा दिया गया है और आला स्तर पर इसमें हस्तक्षेप किया गया है।
विज्ञापन


अमरोहा की घटना से ठिठके कदम
मुरादाबाद। ऑनर किलिंग में पिता और भाई को जेल भेजकर प्रदेश में किरकिरी कराने वाली अमरोहा पुलिस के कारनामे से मुरादाबाद पुलिस के कदम भी ठिठक गए हैं। वहां पुलिस ने एक किशोरी की हत्या के आरोप में उसी के पिता और भाई को जेल भिजवा दिया जबकि सात माह बाद किशोरी जिंदा सामने आ गई। ध्रुव अपहरण प्रकरण में पुलिस और एसओजी की टीम के पास खुलासा करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। बावजूद इसके पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य पुख्ता सबूत जुटा रही है। ताकि आने वाले वक्त में अमरोहा जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। पूरी तरह से पुख्ता सुबूत हाथ में आने के बाद ही खुलासा किया जाए।

सीसीटीवी कैमरों से नहीं लग रहा कुछ हाथ
कौशांबी बस अड्डे पर ध्रुव को अपहर्ताओं ने बस में बैठाया था। पुलिस ने बस अड्डे तथा आसपास के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज चेक कराई है पर कुछ अहम सुराग हाथ नहीं लग पाया है। दरअसल, वहां अपहर्ता से मास्क लगाया था और कैमरे का फोकस भी वहां नहीं था जहां बस खड़ी थी।

ध्रुव और उसके मां बाप ने बांटा हलवा- पूरी
मुरादाबाद। बेटे के सही सलामत घर लौटने की खुशी में सोमवार को परिवार के लोगों ने आलू पूरी और हलवा बांटा है। सोमवार दोपहर बाद पूजा पाठ करने के बाद ध्रुव के पिता गौरव, मां शिखा और दादी सुधा परिवार के अन्य लोगों ने घर के बाहर लोगों को आलू पूरी और हलवा बांटकर खुशी जताई है।

ध्रुव के घर से हटाई सुरक्षा, सादी वर्दी में पुलिस कर्मी कर रहे निगरानी
मुरादाबाद। गौरव कुमार के घर के बाहर लगाई सुरक्षा सोमवार को हटा दी गई। अब सादी वर्दी में पुलिस कर्मी इस क्षेत्र में रहकर गौरव के घर आने जाने वालों पर नजर बनाए हुए हैं। इस घर में रहने वाले सभी सदस्य और बाहर से आने वालों लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन


इस प्रकरण में अहम सुराग हाथ लग गए हैं। जल्द इस मामले का खुलासा किया जाएगा। इंटरनेट कॉलिंग डिटेल आने का इंतजार है।
- अमित कुमार आनंद एसपी सिटी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें