मुरादाबाद। क्रिप्टन पब्लिक स्कूल में फाउंडेशन स्टेज कक्षा-दो के विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उपलब्धियां मुख्य आकर्षण रहीं। समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
नृत्य, गीत और अभिनय के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का सबसे खास पल तब रहा जब कक्षा-एक और दो के विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न दिए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वर्ष की सर्वश्रेष्ठ छात्रा त्रिशा पाठक और मिरहा वकस रहे। अग्रेजी में दक्षता के लिए आरोही अग्रवाल, त्रिशा पाठक, अली रजा, मिरहा वकस को पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्य द्वारा सराहनीय कार्यों के लिए जेशन जोसेफ, आराध्या चौहान, रुहानी सिंह, श्रेयांक और आनंद मदान को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सीबी जदली ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।