पंचायत भवन में आयोजित लैपटॉप वितरण कार्यक्रम के बाद लोहिया आवास में लोगो के नाम नही आने पर डीएम का घेराव करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा विभाग की साइट पर पड़ी सूची में नाम होने के बावजूद सौ से अधिक स्टूडेंट्स को लैपटॉप नहीं मिला। वजह जो भी रही हो लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी हाथ खाली रहे तो स्टूडेंट्स का सब्र छलक उठा। डीएम जैसे ही लैपटॉप बांटकर निकले स्टूडेंट्स ने पूछ ही लिया- डीएम अंकल! हमारा लैपटॉप भी दिलाइए।
हालांकि डीएम ने यकीन दिलाया कि जिनका नाम सूची में है उनमें से हरेक को लैपटॉप मिलेगा। पंचायत भवन व आरएन इंटर कालेज में फ्री लैपटॉप योजना के अंतर्गत लैपटॉप लेने आए कई छात्र-छात्राओं को निराश लौटना पड़ा।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि उनका नाम मेरिट लिस्ट में है लेकिन उन्हें यहां लैपटॉप नहीं दिया गया है। उन्हें कालेज से सूचना दी गई थी कि बुधवार को पंचायत भवन पहुंचकर अपना लैपटॉप ले लें। लैपटॉप लेने पहुंची शबानाज ने बताया कि उसने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की है।
लैपटॉप वितरण की मेरिट लिस्ट में उसका नाम है लेकिन बुधवार को उसे लैपटॉप नहीं मिला। वहीं कोठीवाल नगर से पहुंची हुमा ने बताया कि उसे भी लैपटॉप नहीं मिला है। डिलारी की छवि, संचिता और अंजलि को भी घंटों इंतजार करने के बावजूद लैपटॉप हाथ नहीं आया।
डीआईओएस ने बताया कि लैपटॉप वितरण का कार्य तीन दिनों तक किया जाना है। इसमें पहले दिन 834 लाभार्थियों को ही बुलाया गया था। जिन छात्र-छात्राओं के नाम मेरिट लिस्ट में हैं उन्हें निश्चित रूप से लैपटॉप मिलेगा।