डिलारी में हादसे के बाद गमगीन परिवार
- फोटो : संवाद
डिलारी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम साढ़े चार बजे सड़क पार कर रहे आठ साल के बच्चे को डिलारी से गक्खरपुर की ओर जा रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उछल कर दूसरी दिशा से आ रही दूसरी कार से कुचल कर बच्चे की मौत हो गई। इस दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख कर रोड पर जाम लगा दिया।
करीब चार घंटों तक परिजन और ग्रामीण जाम लगाए रहे। बाद में पुलिस के समझाने पर वह मान गए। डिलारी थाना क्षेत्र के गक्खरपुर गांव निवासी राजीव कश्यप ने बताया कि सोमवार को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ गेहूं की फसल काट रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे राजीव का आठ साल का बेटा रामगोपाल पानी लेने के लिए चंगेरी स्थित शिव मंदिर गया था।
इसी दौरान सड़क पार कर रहे बच्चे को गक्खपुर से डिलारी की ओर जा रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उछल कर रामगोपाल डिलारी से गक्खरपुर की ओर आ रही दूसरी कार के शीशे पर जा गिरा। उसके टक्कर से मेरे पुत्र की मौके पर मौत हो गई।
हादसा होते ही कार को छोड़ कर चालक सहित अन्य लोग भाग गए। हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसी दौरान क्षेत्र के आचार्य नरेंद्र पाल सिंह, डॉक्टर अनुपम शर्मा, नीटू चौहान के समझाने पर करीब चार घंटे के बाद जाम खुला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। तहरीर पर पुलिस ने दोनों वाहनों के स्वामियों व चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
चंगेरी गांव के ग्रामीणों ने सीओ से कहा कि दोनों दिशा से वाहन अधिक तेज दौड़ते हैं। आए दिन हादसे होते रहते हैं। यहां पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की।