मूंढापांडे के घोंडा गांव में दो साल की बच्ची की पानी में डूबकर रविवार को मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मूंढापांडे के घोंडा गांव में रहने वाले अर्जुन सिंह किसान हैं। परिवार में उनकी पत्नी लता, तीन बेटियां आस्था, रिया और शिवांगी (2) है। परिजनों ने बताया कि लता रविवार शाम को खाना बना रही थी। इस दौरान शिवांगी घर में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह नल के पास चली गई। इस दौरान वही बाल्टी में गिर गई।
बाल्टी में पानी भरा होने के कारण वह उसमें डूब गई। थोड़ी देर बाद जब लता पानी लेने के लिए नल के पास गई तो बेटी को बाल्टी में पड़ा देख उसकी चीख निकल गई। लता के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। शिवांगी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद अर्जुन के घर पर आस पड़ोस के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने केलिए पहुंचे।