फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेक चोरी प्रकरण: कार्रवाई की जद आ सकते हैं कई डाक कर्मचारी

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मुरादाबाद के मुख्य डाक घर से 19.96 लाख के चेक चोरी होने के मामले में डाक विभाग की जांच में डिप्टी पोस्ट मास्टर ऋषिराम की लापरवाही सामने आई है। लापरवाही सामने आने पर बुधवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसके अलावा मामले में अन्य कर्मचारियों के संलिप्त होने की भी आशंका है। इसके लिए संदिग्ध कर्मचारियों से अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले की जांच अमरोहा जिले के एसडीआई एके सिंह कर रहे हैं।
विज्ञापन

डाक घर से 19.96 लाख रुपये के चेक चोरी कर राजस्थान के जयपुर निवासी दिनेश शर्मा के एक्सिस बैंक खाते में क्लीयर हुए हैं। इसका पता चलने पर डाक विभाग ने भी अपनी जांच शुरू कर दी। डाक विभाग के जांच अधिकारी द्वारा डिप्टी पोस्ट मास्टर ऋषिराम से पूछताछ में उनकी लापरवाही निकलकर सामने आई।
अधिकारियों का कहना है कि डाक विभाग को किसी भी पेमेंट करने लिए चेक बुक उन्हीं के पास रहती है। चेक बुक की पूरी जिम्मेदारी डिप्टी पोस्ट मास्टर की है। इसके बावजूद चेक बुक से चेक चोरी कर रुपये निकाले गए हैं। विभाग की मोहर और हस्ताक्षर होने के बाद में ही चेक क्लीयर हुए हैं। इसी आधार पर जांच अधिकारी ने इस मामले में ऋषिराम की लापरवाही माना है। जांच अधिकारी ने अपनी शुरुआती जांच डाक विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी है। रिपोर्ट के आधार पर ऋषिराम को निलंबित किया गया है।
विज्ञापन

चेक क्लीयर होने के बाद में जयपुर निवासी दिनेश शर्मा ने 17 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। उधर, सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामले में एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी डाक विभाग के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस मामले में जयपुर निवासी दिनेश शर्मा का मुरादाबाद कनेक्शन भी तलाश कर रही है।
कुछ कर्मचारियों पर शक की सुई
चेक चोरी मामले में विभागीय जांच में शक की सुई कुछ कर्मचारियों की ओर घूम रही है। क्योंकि दस लाख रुपये के लिए प्रवर अधीक्षक डाकघर और डिप्टी पोस्टर मास्टर (एसबी) के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। चेक चोरी करने वाले व्यक्ति को इस बात की जानकारी थी, इसलिए उसने चेक पर दस लाख रुपये से कम की राशि दर्ज की। संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलते ही उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैंक से मांगी सीसीटीवी फुटेज
अधिकारियों के मुताबिक कौन व्यक्ति चेक को लगाने के लिए बैंक गया था, इसकी जानकारी के लिए बैंक से सीसीटीवी की फुटेज मांगी है। बैंक अधिकारी भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। शुक्रवार को फुटेज मिलने के बाद उसमें चेक जमा करने वाले व्यक्ति की जानकारी मिल जाएगी।
चेक चोरी मामले की विभागीय जांच चल रही है। अभी तक इस मामले में डिप्टी पोस्ट मास्टर की लापरवाही सामने आई है। इसी आधार उनको निलंबित किया गया है। जांच अधिकारी को जल्द ही जांच पूरी करने को कहा गया है, ताकि अन्य दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सके।
विज्ञापन

- वीर सिंह, प्रवर डाक अधीक्षक, मुरादाबाद मंडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें