साइबर ठग ने आधार कार्ड को बैंकखाते से लिंक करने का झांसा देकर एक छात्र से 37 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला कटघर थानाक्षेत्र का है। मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की गई है।
कटघर थानाक्षेत्र के भैंसिया गांव में रहने वाले अर्जुन सिंह ने बताया कि वह हिंदू कालेज में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। अर्जुन ने बताया कि उनका बैंकखाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की हिंदू कालेज के पास स्थित शाखा में हैं। आरोप है कि 30 अक्तूबर को उनके पास एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया और आधार कार्ड को बैंकखाते से लिंक कराने की बात कहकर उससे आधार कार्ड का नंबर पूछा।
अर्जुन ने आधार कार्ड नंबर बता दिया, आरोप है कि इसके बाद 31 अक्तूबर को अर्जुन के खाते से 29 हजार रुपये और आठ हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज आने पर अर्जुन को ठगी का पता चला तो उन्होंने आरोपी को फोन किया तो उसने अभद्रता की। मामले की शिकायत कटघर पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की गई है। एसएचओ कटघर अजय गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है।