चंदौसी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के दौरान वैक्सीन व कार्ड खत्म होने पर वरिष्ठ नागरिकों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनकी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से नोकझोंक भी हुई। करीब दो घंटे के इंतजार के बाद कार्ड व वैक्सीन पहुंचने पर दोबारा टीकाकरण शुरू हो सका।
शुक्रवार को सुबह नौ बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण शुरू हो गया था। वरिष्ठ जनों को निशुल्क टीका लगाया जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे कोरोना बचाव का टीका व टीकाकरण के बाद दिया जाने वाला कार्ड खत्म हो गया। इस दौरान अस्पताल में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिक मौजूद थे। टीकाकरण रुकने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल कर्मियों पर टीके न लगाने का आरोप लगाया। सूचना पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। वरिष्ठ नागरिकों की एमओआईसी से खूब नोकझोंक हुई। एमओआईसी ने उन्हें बमुश्किल समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने तुरंत ही बहजोई सीएचसी से कार्ड व वैक्सीन मंगवाई। कार्ड पहुंचने पर शाम करीब चार बजे दोबारा टीकाकरण शुरू हो सका। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिकों में एसपी सिंह, आशा बिसारिया, एमपी पाठक, एसपी रस्तोगी, रामबाबू, श्रीगोपाल, योगेंद्र पाल, ब्रजेश रानी गुप्ता, कुमकुम शर्मा, कमलेश आदि रही।
शुक्रवार को 240 वरिष्ठ जनों को टीका लगाने का लक्ष्य था। दोपहर तक 347 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। अधिक लोगों के पहुंचने पर टीकाकरण के बाद दिए जाने वाले कार्ड खत्म हो गए थे। मैंने तुरंत ही कार्ड मंगवाकर दोबारा से टीकाकरण शुरू करा दिया था। वैक्सीन कम नहीं थी।
डॉ. हरवेंद्र सिंह, एमओआईसी सीएचसी चंदौसी