मुरादाबाद। चौधरपुर हाईवे पर जलभराव दूर करने के लिए एनएचएआई ने 11 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर दिल्ली स्थित मुख्यालय को भेज दिया है। योजना के तहत 500 मीटर के दायरे में हाईवे दो फीट ऊंचा किया जाएगा। इसके बाद हाईवे पर जलभराव नहीं होगा।
कुछ दिन पहले बारिश होने पर चौधरपुर हाईवे पर जलभराव हो गया था। एनएचएआई के अभियंताओं ने निरीक्षण के बाद जलभराव दूर करने के लिए एक प्लान तैयार किया। बताया कि लगभग 400 मीटर क्षेत्रफल में जलभराव हो रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए हाईवे को लगभग 500 मीटर के दायरे में दो फीट ऊंचा किया जाएगा। पहले हाईवे चौड़ीकरण के दौरान सड़क नीची हो गई थी।
इसी वजह से जलभराव की समस्या सामने आई है। एनएचएआई के अधिकारियों ने एक प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। बताया कि हाईवे को ऊंचा करने में करीब 11 करोड़ की लागत आएगी। आईआरबी के जीएम ललित तिवारी का कहना है कि मुख्यालय से प्रस्ताव स्वीकृत होने पर हाईवे को ऊंचा करने के लिए टेंडर जारी कर कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य कराया जाएगा।