मुरादाबाद के गांव सिरसखेड़ा में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि सीएए और एनआरसी पर लोगों को समझाना उसे इतना महंगा पड़ा कि मस्जिद के इमाम और उसके समर्थकों ने उसका हुक्का पानी बंद करने का एलान कर दिया। इतना ही नहीं, उसके साथ मारपीट भी की। उधर इमाम और गांव के प्रधान ने इन आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है जबकि पुलिस जांच की बात कह रही है।
मामला थाना मूंढापांडे के गांव सिरसखेड़ा का है। यहां के रहने वाले इदरीस अदमद एडवोकेट ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सिरसखेड़ा की चांद मस्जिद का इमाम अनीस मियां सीएए और एनआरसी जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर लोगों को गुमराह कर नफरत फैलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने इमाम को ऐसा करने से मना किया तो इमाम 13 जनवरी को अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचा और उनके व बेटे खाकान के साथ मारपीट की।
इतना ही नहीं अब उनका हुक्का पानी बन्द करते हुए पूरे परिवार सहित सामाजिक व धार्मिक बहिष्कार भी कर दिया है। इदरीस पर व उनके परिवार पर मस्जिद में नमाज पढ़ने पर प्रतिंबंध लगा दिया है और लोगों से कहा है कि कोई उनसे व उनकेपरिवार से बात न करे। दुकान आदि न कोई उन्हें सामान न दे। सामाजिक बहिष्कार के लिए बोले जाने का एक ऑडियो भी इदरीस द्वारा जारी किया गया और दावा किया गया कि यह इमाम की ही आवाज है।इदरीस ने कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी तरफ इमाम अनीस का कहना है कि ये आरोप पूरी तरह से गलत हैं। उसका इदरीस के साथ एक दीनी मामले पर विवाद भर हुआ था और उसने झूठा आरोप लगा दिया। पहले भी फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दी। साथ ही इदरीस केबेटे पर मारीपट का उल्टा आरोप लगाया। इसके अलावा सिरसखेडा के प्रधान इकरार भी इमाम की ही बात का समर्थन कर रहे हैं। कहा कि इदरीस गलत आरोप लगा रहे हैं। पांच माह पुराना दीनी मसले का विवाद है जिसे दूसरा रूप दिया जा रहा है। उधर यह इमाम, प्रधान और इनके काफी समर्थकों ने भी थाने में जाकर इदरीस एडवोकेट की शिकायत की।
शिकायत मिली है जिस पर अभी जांच की जा रही है। जांच केही बाद ही इस मामले में जो भी विधिक कार्रवाई होगी, की जाएगी।
- अमित आनंद एसपी सिटी