मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र के टीपीनगर में मकान के लिए पत्नी की हत्या करने के बाद खुरपी से उसकी गर्दन काटकर सिर गागन नदी में फेंकने वाले हत्यारोपी ट्रक चालक शाने अली उर्फ रिहान के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। करीब दो सौ पन्नों की चार्जशीट में मृतका के पिता और बच्चों के बयानों का भी जिक्र किया गया है।
भगतपुर के चूहा नगला निवासी तबस्सुम ने पहले पति आसिफ की मृत्यु के बाद मैनाठेर के डींगरपुर निवासी ट्रक चालक शाने अली (35) से निकाह कर लिया था। तबस्सुम का एक मकान मझोला क्षेत्र के टीपीनगर जन्नत बाग में है। पुलिस ने चार्जशीट में दावा है कि शाने अली इस मकान को अपने नाम कराना चाहता था। तबस्सुम ने मकान आरोपी के नाम कराने से इन्कार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। तबस्सुम मायके गई थी। 11 अप्रैल को शाने अली चूहा नगला पहुंच गया और वहां से तबस्सुम को अपने साथ टीपीनगर ले आया था। 12 अप्रैल की रात आरोपी पत्नी के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद खुरपी से उसकी गर्दन काटकर धड़ मकान में ही जीने के नीचे गड्ढा खोदकर दबा दिया था। जबकि सिर को गागन नदी में फेंक कर पत्नी का मोबाइल भी अपने साथ लेकर चला गया था।
करीब एक माह बाद पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़कर पूछताछ की, तब आरोपी ने कबूला है कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में विवेचना पूरी करने के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। जिसमें डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों को चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। आरोपी के अलावा मृतका की मां, पिता और बच्चों के बयानों को चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। अब इस मामले में कोर्ट में मजबूती के साथ पैरवी की जाएगी और हत्यारोपी को सजा दिलाई का प्रयास रहेगा।
00
साजिश के तहत बच्चों को नहीं लेकर आया था साथ
मुरादाबाद। तबस्सुम की शादी करूला निवासी आसिफ के साथ हुई थी, जिससे तबस्सुम को पांच बच्चे हुए थे। घटना से करीब एक साल पहले महिला ने शाने अली के साथ निकाह कर लिया था। चार्जशीट में पुलिस ने बताया है कि शाने अली तबस्सुम को मायके से अपने साथ लेकर आया लेकिन बच्चों को वहीं छोड़ दिया था। अगले दिन तबस्मुम को उसकी मां पूनम ने कॉल की तो उसका नंबर बंद था। शाने अली को कॉल की तो उसने जानकारी होने से इन्कार दिया था। इसके बाद उस पर शक गहरा गया था लेकिन एक माह तक वह ट्रक से जगह-जगह घूमता रहा और पुलिस को भी अपनी लोकेशन गलत बताता रहा।
00
डीएनए जांच के लिए भेजे गए हैं सैंपल
मुरादाबाद। महिला का धड़ घर में मिला था जबकि उसका सिर गागन नदी से बरामद हुआ था। पुलिस ने शव और धड़ का पोस्टमार्टम कराया। सिर और धड़ एक ही महिला के हैं, इसकी पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल लिए गए थे। जिसे फोरेंसिक लैब जांच के लिए भेजा गया है।
00
आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल, रिकॉर्डिंग रहेगी अहम
मुरादाबाद। महिला की गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम ने इस केस पर काम करना शुरू किया। पुलिस ने आरोपी की कॉल डिटेल निकलवाई और उसे कॉल की। आरोपी गलत लोकेशन बता रहा था जबकि उसके मोबाइल की लोकेशन अलग आ रही थी। इस दौरान पुलिस उससे बातचीत की रिकॉर्डिंग कर रही थी। जिससे चार्जशीट हिस्सा बनाया गया है।