बिलारी। नगर और देहात इलाके में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से खुशी के माहौल में मनाया गया। आधी रात को मंदिरों से भगवान श्रीकृष्ण के नाम के जयकारे गूंजे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने की शुक्रवार सुबह से ही तैयारी शुरू हो गई थी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मौके पर बड़ी संख्या में पुरुष महिलाओं और बच्चों ने व्रत रखे। श्रद्धालुओं द्वारा आधी रात को चंद्रमा का उदय होने पर पूजा अर्चना कर जन्माष्टमी मनाई। इस दौरान मिष्टान्न और फल भी अर्पित किए गए। शुक्रवार आधी रात को 12 बजते ही मंदिरों से घंटे और घड़ियाल बजने लगे। भक्तों द्वारा भजन कीर्तन भी किया गया।
नगर में बस स्टैंड के निकट शिव मंदिर, नेहरू चौक के निकट शंभूनाथ मंदिर, पौड़ाखेड़ा परिसर में राधा-कृष्ण मंदिर आदि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सजाया गया था। हालांकि बस स्टैंड शिव मंदिर में शुक्रवार शाम को झांकियां दिखाए जाने का कार्यक्रम रखा गया था लेकिन लगातार बारिश होने की वजह से झांकियां नहीं दिखाई जा सकीं। क्षेत्र के सहसपुर, ढकिया नरु, ग्वारऊ, पहाड़पुर, नवैनी गद्दी, जरगांव, अमरपुरकाशी, फतेहपुर नत्था, स्योंडारा, धर्मपुर कला आदि में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। शांति व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर शुक्रवार आधी रात के बाद तक बिलारी पुलिस लगातार नगर और देहात क्षेत्र में गश्त करती रही।