अंडर-16 इंटर जोन टूर्नामेंट में मुरादाबाद के नोसगे सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र आर्यन जुयाल का शानदार फार्म जारी है। आर्यन के डबल धमाल से सेंट्रल जोन ने ईस्ट जोन को आठ विकेट से हराकर सात अंक बटोरे। कप्तान आर्यन ने दोनों पारियों में अर्द्धशतक लगाए। सात अंकों की बदौलत सेंट्रल जोन जोनल टूर्नामेंट में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के हुबली मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट जोन की टीम ने पहली पारी में 131 रन बनाए।
जवाब में सेंट्रल जोन ने आर्यन जुयाल के 75 रनों की बदौलत 163 रन बनाकर 32 रनों की बढ़ ले ली। दूसरी पारी में रोहन टोंक की फिरकी के आगे ईस्ट जोन के बल्लेबाज देर नहीं टिक सके और 154 रनों पर ऑलआउट हो गए। सेंट्रल जोन को 35 ओवरों में जीतने के लिए 123 रनों की दरकार थी। ऐसे में सेंट्रल जोन के कप्तान आर्यन जुयाल अंशुल के साथ खुद ओपनिंग करने उतरे। दोनों ने पहले विकेट के लिए छह रन प्रति ओवर की औसत से 10 ओवरों में 60 रन जोड़े।
इस बीच अंशुल 31 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे चंचल भी टिककर नहीं खेल सके और 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आर्यन (नाबाद 57 रन) ने मेरठ के कार्तिक त्यागी 18 के साथ मिलकर टीम को जीत दिला दी। कार्तिक ने 28वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मारकर सेंट्रल जोन को मैच जिताया। आर्यन जुयाल ने चार मैचों में एक शतक दो अर्द्धशतक समेत कुल 304 रन बनाए। आर्यन के शानदार प्रदर्शन पर कोच बदरुद्दीन ने बधाई दी है। कहा कि आर्यन एक प्रतिभावान खिलाड़ी है, कड़ी मेहनत के साथ उसमें सीखने की ललक है।