मुरादाबाद। सीबीएसई की दसवीं की वार्षिक परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो रही हैं। इसके लिए शुक्रवार को केंद्रों पर तैयारियां की गईं। पदाधिकारियों का कहना है कि मुरादाबाद जनपद में 15 केंद्रों पर लगभग 9500 विद्यार्थियों की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार को विद्यार्थियों का सीटिंग प्लान, सीसीटीवी कैमरे, लाइट आदि की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। प्रधानाचार्यों का कहना है कि 12वीं के विद्यार्थियों का 17 फरवरी को फिजिकल विषय की परीक्षा है। शनिवार को दसवीं के विद्यार्थियों का अंग्रेजी विषय का पेपर है। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय अलग से दिया जाएगा।
मुरादाबाद एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स के महासचिव नीरज कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों को नकल से बचना होगा, अन्यथा दोष के आरोपियों को अगले साल ही मौका मिल सकेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर स्कूल यूनिफॉर्म और परिचय पहनकर समय से पहुंचना होगा। यदि बोर्ड द्वारा निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं किया तो उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। मूल प्रवेशपत्र लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश समय सीमा का पालन न करने वालों को प्रवेश नहीं मिल सकेगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ईयरपॉड और ब्लूटूथ जैसे उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। पारदर्शी पाउच में स्टेशनरी और पारदर्शी बोतल में पानी ले जाने की अनुमति दी गई है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
शहर में गांधीनगर पब्लिक स्कूल, केसीएम स्कूल, एसएस गर्ल्स अकादमी स्कूल, एसएस अकादमी कांठ रोड, पीएमएस स्कूल, सेंट मैरी सीनियर सेकेंड्री स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल, आरआरके स्कूल, शिरड़ी साईं पब्लिक स्कूल, आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, वीकेएस स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। तीन केंद्र शहर से बाहर हैं। इनमें एक परीक्षा केंद्र राजेंद्रा अकादमी है, जबकि दो केंद्र ठाकुरद्वारा और बिलारी में हैं। इन केंद्रों पर करीब 9500 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।