मुरादाबाद। वार्ड एक के शाहपुर तिगरी में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। गली नंबर सात को छोड़कर दूसरी सड़क पर सीसी टाइल्स डाले जाने से नाराज महिलाओं और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। लोगों का आरोप था कि नगर निगम उनकी गली की अनदेखी कर रहा है, जबकि सबसे ज्यादा जलभराव की समस्या वहीं है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक गली नंबर सात पहले से ही काफी नीची है। आसपास की सड़कें ऊंची होने के कारण हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है। ऐसे में दूसरी सड़क को और ऊंचा किए जाने से गली तालाब बन जाएगी। महिलाओं ने कहा कि बरसात के दिनों में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। बच्चे स्कूल जाते समय गिर जाते हैं और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क पर नाला निर्माण के बाद आसपास की कई गलियां नीचे हो गईं, लेकिन नगर निगम ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। कई बार पार्षद और अधिकारियों को शिकायत दी गई, मगर गली नंबर सात को सड़क निर्माण के टेंडर में शामिल नहीं किया गया। विरोध बढ़ने पर नगर निगम का प्रवर्तन दल महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं और अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही। महिला सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराया।
बाद में अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल जितना कार्य टेंडर में स्वीकृत है, उसी हिस्से में सड़क बनाई जा रही है। आगे प्रस्ताव स्वीकृत होने पर बाकी गली को भी योजना में शामिल किया जा सकता है। आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार का कहना कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जिन सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव बनाया जाता है और जिनके लिए बजट आवंटित होता है, उन सड़कों का निर्माण किया जाता है।