मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक हाजी रिजवान और उनके बेटे, पुत्रवधू और सपा नेता आजम खां के करीबी यूसुफ मलिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें जमीन का सौदा कर करोड़ों रुपये हड़पने और स्कूल की भूमि उपयोग परिवर्तन कराने के नाम फर्जी रसीद देने के आरोप लगाए गए हैं। एसएसपी के आदेश पर कुंदरकी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के मलकपुर फत्तेहपुर खास निवासी अब्दुल मुस्तफा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कुंदरकी थाना क्षेत्र के डोमघर निवासी एवं कुंदरकी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान और उनके बेटे मोहम्मद जुबैर, जुबैर की पत्नी शमा परवीन और सिविल लाइंस के जिगर कॉलोनी निवासी सपा नेता यूसुफ मलिक ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
आरोप है कि इन लोगों ने मुरादाबाद के आजादनगर स्थित स्कूल की भूमि का सौदा 4.48 करोड़ रुपये में किया था। जिसके बतौर एडवांस 25 लाख रुपये ऑनलाइन और नकद दिए थे। आठ जनवरी 2024 इकरारनामा तैयार कराया। आरोप है कि भूूूूूूूूूूूूूूूमि उपयोग परिर्वतन (लैंड यूज चेंज) कराने के नाम पर 10 लाख रुपये अतिरिक्त लिए गए और भू उपयोग विभाग के नाम से 6.11 लाख रुपये की फर्जी रसीद उपलब्ध कराई गई। बाकी राशि से रिश्वत में खर्च होने की बात कही गई।
इसी बीच अनेक लोगों के माध्यम से ऑनलाइन और नकद भुगतान कर एक करोड़ 27 लाख 86 हजार रुपये ले लिए। इससे पहले 21 दिसंबर 2023 में यूसुफ मलिक ने डिलारी क्षेत्र के बढ़ेरा के रकबे में स्थित साढ़े तीन बीघा भूमि का सौदा 52.50 लाख रुपये में तय किया था। जमीन खरीदने के लिए 33.36 लाख रुपये दे दिए थे लेकिन जमीन का बैनामा नहीं कराया गया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि कुंदरकी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले की गहनता से विवेचना कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।