मुरादाबाद। संभल जनपद के गुमसानी गांव निवासी छात्र राज कुमार की हत्या के मामले में कटघर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 23 अगस्त से लापता छात्र की लाश कटघर क्षेत्र के डियर पार्क में मिली थी और पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने छात्र की नानी की तहरीर पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी।
संभल जनपद के असमोली थानाक्षेत्र के गुमसानी गांव निवासी 22 वर्षीय राज कुमार राज पुत्र रघुवीर सिंह की 31 अगस्त की शाम डियर पार्क में लाश मिली थी। एक सितंबर की सुबह परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में की थी। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ से पता चला कि राज कुमार मूलरूप से पाकबड़ा थानाक्षेत्र के रतनपुर कलां गांव निवासी था। राज कुमार की मां कमला की 2007 में मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पिता रघुवीर ने दूसरी महिला के साथ शादी कर ली थी। तब से ही राज कुमार अपने मामा दिनेश और उमेश के घर गुमसानी थाना असमोली जिला संभल में रह रहा था। 23 अगस्त को वह अपने ताऊ के घर रतनपुर कलां गांव जाने के लिए गुमसानी से निकला था, लेकिन वह ताऊ के घर नहीं पहुंचा था। वह मुरादाबाद में अपने दोस्त अमन के पास चला गया था। 23 अगस्त की रात वह अमन के कमरे पर ही रुका था। अमन मुरादाबाद में किराये के मकान में रहता है और कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी करता है। पूछताछ में ये बात भी सामने आई कि रात में छात्र और उसके दोस्त ने शराब पी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
----
एक युवक के साथ डियर पार्क में पहुंचा था राज कुमार
मुरादाबाद। शुक्रवार को पुलिस ने राज कुमार के मामा और नानी व अन्य परिजनों को थाने बुलाया। उसने राजकुमार के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। यहां नक्शा बनाया गया। इसी दौरान डीयर पार्क पर फल बेचने वाली महिला से पूछताछ की गई। उसे राज कुमार के फोटो दिखाए गए। तब महिला ने फोटो देखकर बताया कि दो युवक यहां आए थे। इनमें से एक युवक फोटो में दिखने वाले युवक की तरह ही था। दोनों युवक काफी देर तक डियर पार्क में बैठे रहे और इसके बाद महिला वहां से चली गई थी। अब पुलिस उस युवक की तलाश में भी जुट गई है। जिसके साथ राज कुमार को देखा गया था।
---
प्रेम संबंध के कोण पर भी पुलिस कर रही तफ्तीश
मुरादाबाद। पुलिस प्रेम संबंध के बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस को ये भी पता चला कि राज कुमार एक युवती से प्रेम संबंध चल रहे थे। इसके अलावा पुलिस उस रात की पूरी कहानी जानने में जुट गई है। राज कुमार जब अपने ताऊ के घर जाने के लिए निकला था तो दोस्त के कमरे पर क्यों पहुंच गया। उस रात कमरे पर शराब भी पी गई थी। कमरे पर अमन के अलावा कौन-कौन मौजूद थे।