बिलारी। थाना क्षेत्र के सहसपुर स्थित माइनडस आई इंटरनेशनल स्कूल में कई मदों से 11.50 लाख रुपये के गबन के आरोप में अदालत के आदेश पर स्कूल के एक कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सहसपुर निवासी अजीत कुमार ने नगर के ओमविहार कॉलोनी निवासी ध्रुव प्रसाद गुप्ता के खिलाफ मुरादाबाद सीजेएम की अदालत में आवेदन दायर किया। इस मामले में अदालत के आदेश पर थाने में दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित के अनुसार वह सहसपुर में संचालित माइनडस आई इंटरनेशनल स्कूल का प्रबंधक है। कुछ दिन पहले ध्रुव प्रसाद गुप्ता को स्कूल संचालन में देखरेख के लिए निर्धारित वेतन पर नियुक्त किया था। स्कूल में छात्रों के पंजीकरण और छात्रों से आने वाली फीस आदि का हिसाब भी ध्रुव प्रसाद गुप्ता पर ही रहता था।
आरोप है कि ध्रुव प्रसाद गुप्ता ने फीस रसीद और संबंधित रजिस्टर में हेराफेरी करके 11 लाख 50 हजार रुपये का गबन कर लिया तथा स्कूल कक्ष में रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, टीसी बुक, फीस बुक, एकाउंट कैशिंग फाइल आदि को गायब कर दिया। जब उससे धनराशि का हिसाब मांगा तब पीड़ित का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने अदालत के आदेश पर ध्रुव प्रसाद गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद