ठाकुरद्वारा। सुरजननगर और जसपुर मार्ग की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, जो कांवड़ यात्रा के लिए घोषित हैं। इन मार्गों पर गहरे गड्ढे होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को कदीर तिराहे के पास एक आम से भरा ठेला गड्ढे में पलट गया, जिससे सड़क पर आधा घंटे तक जाम लगा रहा।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि ऐसी दुर्घटनाएं यहां रोज होती हैं और बारिश में सड़क तालाब बन जाती है। विभिन्न संगठनों ने सुरजननगर मार्ग की मरम्मत की कई बार मांग की है। जिलाधिकारी ने भी पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को मरम्मत के आदेश दिए थे, लेकिन एक माह बाद भी स्थिति जस की तस है। पीडब्ल्यूडी अधिकारी प्रस्ताव स्वीकृति का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि कांवड़ मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक यातायात को भेजी गई है। उन्हें उम्मीद है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मरम्मत कार्य हो जाएगा।