हादसे के बाद सीज की कार और कोर्ट में भेज दी बाइक की आख्या
क्रासर
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस ने हादसे में कार सीज की थी, लेकिन कोर्ट में बाइक की आख्या दाखिल कर दी। कोर्ट में पुलिस ने बताया कि बाइक पीड़ित की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। जबकि कार थाने में ही खड़ी है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में सात मार्च 2022 को यूसुफपुर बहादुर निवासी नरेंद्र कुमार की ऑल्टो कार और बाइक की टक्कर हो गई थी। बाइक सवार ने इस मामले में कार मालिक नरेंद्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने नरेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर उसकी ऑल्टो कार सीज कर दी थी। बाद में आरोपी नरेंद्र ने अपने वकील अभिषेक भटनागर के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विमल वर्मा की अदालत से जमानत प्राप्त करने के बाद अपनी आल्टो कार रिलीज कराने के लिए प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया था।
अभिषेक भटनागर ने बताया कि सिविल लाइंस से वाहन संबंधित आख्या तलब की गई, जिस पर 21 मार्च 2022 को थाने से आई रिपोर्ट में कहा गया कि वादी मुकदमा नरेंद्र को उनकी बाइक सुपुर्दगी में दे दी गई है। थाने पर कोई आल्टो कार इस मुकदमे में वांछित नहीं है। अदालत ने आख्या लगाने वाले सिविल लाइंस थाने के उपनिरीक्षक सुधीर कुमार और थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह को अदालत ने तलब किया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी का कहना है कि कार थाने में खड़ी है। रिपोर्ट में कार की जगह बाइक लिख दिया था, जिसमें सुधार कर दिया गया है।