भगतपुर (मुरादाबाद)। दलपतपुर काशीपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार चालक ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेंपो सड़क के किनारे खाई में पलट गया। हादसे में टेंपो में बैठी महिला की मौत हो गई एवं उसके परिवार के अन्य लोग घायल हो गए।
उत्तराखंड के जसपुर थाना क्षेत्र के महुआडावरा निवासी नाजमा खातून कुछ दिन पूर्व ग्राम बुढ़ानपुर अलीगंज में अपने मायके आई थी। पच्चीस दिन बाद नाजमा की छोटी बहन की शादी है जिसके लिए खरीदारी करने के लिए वे अपने रिश्तेदार शबाना परवीन, परवीन जहां एवं वाहिद हुसैन आदि के साथ टेंपो में बैठकर भोजपुर जा रही थी। बताया कि जैसे ही यह लोग बुढ़ानपुर अलीगंज से थोड़ी आगे पहुंचे तभी दौलपुरी वमनिया की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने इनके टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने टेंपो के अंदर से सवारियों को बाहर निकाल कर देखा तो नाजमा 34 वर्ष की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंच गए एवं घायल शबाना परवीन, वाहिद हुसैन एवं परवीन जहां को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।