मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेमिका के परिजनों द्वारा पीटे गए कार चालक का शव रात को गोविंद नगर में रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शनिवार शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेन से चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। बिलारी थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी अतर सिंह अपने परिवार के साथ कटघर के गोविंदनगर में किराये के मकान पर रहते हैं। अतर सिंह के चार बेटों में दूसरे नंबर का विपिन कश्यप (22) कार चालक था। इसी मकान की दूसरी मंजिल पर एक और परिवार रहता है। पुलिस ने बताया कि इस परिवार की युवती से विपिन का प्रेम संबंध चल रहा था। विपिन अपने जन्मदिन पर युवती को बाहर घुमाने ले गया था।
इसकी भनक युवती के परिवार को हुई तो उन्होंने शुक्रवार की सुबह विपिन की पिटाई कर दी थी। उस वक्त बीच में आकर कुछ लोगों ने मामला शांत करा दिया था। इसके बाद विपिन अपने घर से बाहर निकल गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे विपिन का शव घर के पास ही गोविंद नगर रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलने पर विपिन के पिता अतर सिंह, मां रूपा, बड़ा भाई विक्की, छोटे भाई बबलू व सुनील और बहन राधिका भी मौके पर पहुंच गए।
पिता का आरोप है कि युवती के परिवार के लोगों ने उसके बेटे की हत्या की और लाश यहां फेंक दी है। उन्होंने मौके पर हंगामा किया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कर दिया। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।