कांठ। शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार महिलाओं समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना डिलारी के करनपुर क्षेत्र अंतर्गत कोठा महमूद निवासी अवनीश कुमार अपने परिवार के साथ अमरोहा शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी के बाद वह कार से अपने भाई जॉनी के पास मुरादाबाद जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे जब वह छजलैट थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित कैंच की पुलिया के पास पहुंचे तो अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में अवनीश कुमार समेत कार सवार उनकी पत्नी अलका, बेटी माही व दीया और छजलैट के गांव कूड़ा मीरपुर निवासी कनिका व सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची छजलैट पुलिस ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकलवाकर इलाज के लिए भिजवाया। रिश्तेदार चितरंजन के अनुसार घायलों का इलाज मुरादाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है।