मुरादाबाद। पीतलनगरी बस अड्डे पर कैंटीन बंद होने से बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को चाय, नाश्ता और भोजन के लिए बस अड्डे से बाहर जाना पड़ रहा है। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन निगम के अनुसार, घाटा होने के कारण कैंटीन संचालक ने संचालन बंद कर दिया। इसके बाद कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। पीतलनगरी बस अड्डे से रोज हजारों यात्री बदायूं, रामपुर, बरेली, आगरा, अलीगढ़ समेत अन्य स्थानों के लिए आते-जाते हैं। बस अड्डे पर खाने-पीने की सुविधा उपलब्ध न होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आगरा जाने वाले यात्री रमेश चंद्र ने बताया कि बस अड्डे जैसी महत्वपूर्ण जगह पर कैंटीन का संचालन होना जरूरी है। इससे यात्रियों को एक ही परिसर में आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।
अलीगढ़ जाने वाले अनुभव वर्मा ने कहा कि कैंटीन बंद होने से छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी बाहर जाना पड़ता है। रोडवेज प्रशासन को जल्द कैंटीन दोबारा शुरू करानी चाहिए।
कैंटीन के संचालन के लिए जल्द नया टेंडर जारी किया जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार बोली प्रक्रिया पूरी कर कैंटीन का संचालन दोबारा शुरू कराया जाएगा। -प्रेम सिंह, एआरएम