मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नया गांव अंडरपास के ऊपर बृहस्पतिवार की देर रात करीब डेढ़ बजे एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दस यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, क्रेन से बस को सीधा कराया और यात्रियों को दूसरी बसों से रवाना किया।
सीओ कटघर गौरव तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे लखीमपुर से एक निजी बस दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 100 सवार थे। बस कटघर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर नया गांव अंडरपास के ऊपर से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद अन्य वाहन भी रुक गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में लखीमपुर खीरी निवासी सलमान, राकेश कुमार, निरंजन सिंह, राजू, विजय समेत करीब दस यात्री घायल हो गए। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बस को सीधा कराया और यात्रियों को दूसरी बसों में बैठाकर आगे के लिए रवाना कर दिया।