मुरादाबाद। जिले में 18-19 जून को प्रस्तावित पीजीटी परीक्षा-2022 स्थगित होने से विभिन्न कोचिंग संस्थानों व पुस्तकालयों में चार साल से तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को झटका लगा है। पीजीटी परीक्षा तीसरी बार टलने से अभ्यर्थियों में निराशा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इससे अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
शहर के गुरहट्टी चौराहा, सिविल लाइन समेत अन्य जगहों पर स्थित कोचिंग संस्थानों और पुस्तकालयों में अभ्यर्थी पीजीटी की परीक्षा की तैयारी करते हैं। इसमें अमरोहा, संभल समेत अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी शामिल हैं। कुछ अभ्यर्थी चार तो कुछ पांच साल से पीजीटी की तैयारी कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि हर बार परीक्षा की तारीख बदलने की खबर आती है तो काफी परेशानी होती है। पीजीटी के साथ ही अभ्यर्थी दूसरी परीक्षाओं की भी तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा टलने से उन्हें दूसरी परीक्षाओं की तैयारी में भी परेशानी हो रही है।
624 पदों पर होनी है भर्ती
प्रदेश के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में पीजीटी के 624 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए 4.50 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इससे पहले 11 और 12 अप्रैल को परीक्षा होनी थी, जिसे स्थगित कर 20 व 21 मई को कराने का निर्णय लिया गया था। दूसरी बार भी इसे टाल दिया गया और नई तिथि 18-19 जून निर्धारित की गई थी। अब यह परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित की गई है।
अभ्यर्थियों ने बयां की परेशानी
- पीजीटी परीक्षा की तैयारी काफी अच्छी चल रही है। परीक्षा टलने से काफी नुकसान होगा। अब परीक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। - पिंटू कुमार, बापू छात्रावास
- जिला पुस्तकालय में रोज तैयारी करने आते हैं। दूसरी परीक्षाओं की भी तैयारी करनी है। पीजीटी की परीक्षा टलने से अब तनाव बढ़ जाएगा। - नरेंद्र सिंह, गुरहट्टी,
- परीक्षा की डेट निर्धारित होने से बेहतर तैयारी होती है। तिथि बार-बार बदलने से निराशा हो रही है। अब तैयारी करने की इच्छा नहीं हो रही है। - चुन्नी सिंह, हसनपुर, अमरोहा