रामपुर जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैंसर पीड़ित कैदी ने आत्महत्या कर ली। वह 10 साल से हत्या के मामले जेल में बंद था। कैदी का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है
घटना रविवार की रात करीब 1:30 बजे की है। जनपद संभल के थाना कुढ फतेहगढ़ इलाके के गांव अटवा निवासी भीमसेन हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा था। उसने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वर्ष 2010 में हत्या की थी। तभी से वह गिरफ्तार कर लिया गया था और जेल में था।
अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। भीमसेन की जमानत भी नहीं हो सकी थी। करीब 10 साल से वह रामपुर जिला कारागार में बंद था। दो साल पहले वह बीमार हो गया था और जांच में कैंसर पाया गया था, जिसका इलाज लखनऊ केजीएमसी से चल रहा था। उसकी बीमारी लास्ट स्टेज में थी , जिससे वह तंग आ गया था।
रविवार की रात को उसने अस्पताल बैरक में अंगोछा बांधा और गले में फंदा लगाकर लटक गया, जिससे उसकी मौत हो गई। कैदी का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जेल अधीक्षक पीडी सलोनिया ने बताया कैंसर पीड़ित कैदी ने आत्महत्या कर ली है, जिसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।