भोट (रामपुर)। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए गांव में सैनिटाइज करनेे गए युवक को पांच लोगों ने मारपीट कर घायल दिया और उसके मुंह पर कीटनाशक डाल दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में उसे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने उसके भाई की तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित पांच के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के मुतियापुरा गांव निवासी हरीशंकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 14 अप्रैल को उसका भाई कुंवर पाल (21) गांव निवासी हुलासी के साथ प्रेमपुर गांव में हाईकेन कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी इंद्रपाल के अचानक सामने आ जाने के कारण उसके ऊपर कीटनाशक की कुछ छींटे पड़ गईं। इसके आक्रोशित इंद्रपाल ने अपने चार साथियों की मदद से उसकी पिटाई कर दी और उसके मुंह पर जबरन कीटनाशक का छिड़काव कर दिया। इस वजह से कुंवरपाल बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने उसे बिलासपुर स्थित एक चिकित्सक को दिखाया था। हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद स्थित एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई थी। मौत की सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया था। शुक्रवार देर शाम मृतक के परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर थाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी धारा 147, 323 और 304 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कुंवरपाल के रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। इसको लेकर उसने घर में निर्माण कार्य भी कराया था। पड़ोस के ही एक गांव में उसकी शादी की बातचीत चल रही थी।