मुरादाबाद। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और नरमू के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा शुक्रवार को मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने नरमू की डिविजनल काउंसिल की मीटिंग में हिस्सा लिया। साथ ही कहा कि रेलवे में लंबे समय से लंबित कैडर रिस्ट्रक्चरिंग को लेकर हलचल तेज हो गई है। रेलवे बोर्ड स्तर पर विभिन्न कर्मचारी श्रेणियों के ढांचे की समीक्षा चल रही है। कुछ संवर्गों में पुनर्गठन के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष श्रेणियों के लिए भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
इससे मुरादाबाद मंडल के हजारों रेल कर्मचारियों में पदोन्नति और बेहतर वेतनमान की उम्मीद जगी है। कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के तहत विभिन्न ग्रुप-सी श्रेणियों में पदों का पुनर्वितरण किया जाता है। निचले ग्रेड के कुछ पदों को उच्च ग्रेड में बदला जाता है, जिससे कर्मचारियों को बिना नई भर्ती के अधिक पदोन्नति के अवसर मिलते हैं। रेलवे कर्मचारी संगठन भी लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे हैं। मुरादाबाद मंडल उत्तर रेलवे के का बड़ा मंडल है। यहां परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, वाणिज्य, लोको, कैरिज एंड वैगन और ट्रैक मेंटेनर समेत विभिन्न विभागों में 16 हजार से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। नरमू के मंडल मंत्री राजेश चौबे ने कहा कि कैडर रिस्ट्रक्चरिंग लागू होने पर सबसे अधिक लाभ उन कर्मचारियों को मिलने की संभावना है, जो वर्षों से एक ही ग्रेड में पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। इस मौके पर संगठन के मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, सहायक मंडल मंत्री सुहेल खालिद, एके सिंघल, नफीस खान, दीपक कुमार, शुभम सुंदरीयाल आदि मौजूद रहे।