मुरादाबाद। कोरोना की दूसरी लहर ने 14 मई को होने वाले अक्षय तृतीया के पर्व पर ग्रहण लगा दिया है। कोरोना संक्रमण काल से पहले कारोबारियों को एक महीने पहले ही आर्डर मिल जाते थे, लेकिन इस बार हालात विपरीत हैं। स्थिति यह है कि पिछले 10 दिन से शहर का साराफा बाजार बंद है। पिछले साल लॉकडाउन के चलते बाजार बंद था, लेकिन इस बार व्यापारियों ने कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए खुद ही लॉकडाउन लगा लिया है। व्यापारियों का कहना है कि इस समय जिंदगी को बचाना प्राथमिकता है। हालांकि इस कोरोना की वजह से अक्षय तृतीया पर करीब सौ करोड़ का नुकसान सराफा बाजार को होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
कोरोना काल से पहले अक्षय तृतीया पर्व पर बाजार में ग्राहकों की खूब रौनक होती थी। शादियों के अलावा शहरवासी अक्षय तृतीया पर शगुन के लिए भी खरीदारी करते थे। व्यापारियों की मानें तो मुरादाबाद में अक्षय तृतीया का करीब 100 करोड़ का कारोबार होता था। तमाम लोग डायमंड के आभूषणों का भी आर्डर देते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। 24 अप्रैल को लगे साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद से सराफा बाजार नहीं खुला है। बीच में एक दिन के लिए मंडी चौक के व्यापारियों ने लंबित कार्यों को निपटाने के लिए बाजार खोला था और फिर बंद कर दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने गुरुवार तक लॉकडाउन कर दिया है अब आगे की स्थिति उसके बाद में ही पता चलेगी।
कोरोना संक्रमण में हमारी प्राथमिकता जीवन को बचाना है। अक्षय तृतीया का पर्व अगले वर्ष भी मना लिया जाएगा। अभी जिस तरीके से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, 10 मई तक सराफा बाजार बंद रहने की आशंका है। समाज सुरक्षित रहेगा तो पर्व और त्योहारों की खुशियां भी अच्छी लगती हैं। पिछले वर्ष लॉक डाउन की वजह से कारोबार चौपट हो गया था और इस वर्ष हमने खुद ही लॉकडाउन लगा लिया है। अक्षय तृतीया पर मुरादाबाद सराफा बाजार को करीब सौ करोड़ का नुकसान होने की आशंका है।
श्रवण कुमार अग्रवाल, महामंत्री, बाजार गंज सराफा समिति
कोरोना संकटकाल से लोग डर रहे हैं। शादियां स्थगित की जा रहीं हैं। सभी तरीके का व्यापार इस समय खत्म है। अक्षय तृतीया पर ग्राहक सोना चांदी खरीदना शुभ मानते थे। मूर्तियां, आभूषणों के अलावा सिक्कों की खूब बिक्री होती थी, लेकिन दो साल से कोरोना के कहर से कारोबार उबर नहीं पा रहा है। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए सबसे ज्यादा पहल सराफा व्यापारियों ने ही की है। उन्होंने कारोबार की चिंता न करते हुए पिछले 10 दिन से खुद ही सराफा बाजार को बंद कर दिया है और वर्तमान हालातों को देखते हुए बाजार शीघ्र खुलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही, क्योंकि प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन में दो दिन की बढ़ोतरी कर दी है। पिछली बार भी अक्षय तृतीया पर ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुई थी और इस बार भी सराफा कारोबारियों को आर्डर नहीं मिल रहे हैं।
प्रदीप रस्तोगी, उपाध्यक्ष, सराफा कमेटी मंडी चौक