मुरादाबाद। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं व अन्य कार्यों से यूपी के बड़े शहरों को जाने वाले लोगों की राह आसान होने वाली है। रोडवेज प्रबंधन मुरादाबाद से यूपी के हर बड़े शहर के लिए बसें चलाने का प्रयास कर रहा है। मुरादाबाद से प्रयागराज, कानपुर, बनारस, गोरखपुर, गोंडा, आजमगढ़, अयोध्या आदि शहरों के लिए सीधी बसों का प्लान बनाया जा रहा है।
नवंबर में नई बसों के आने की उम्मीद है। इसके अलावा अनुबंधित बसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में 2024 से पहले ही यूपी के कई महानगरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू हो सकती है। अभी तक यहां से प्रयागराज, कानपुर, बनारस जाने वाले यात्रियों को सिर्फ लखनऊ तक की बसें मिलती हैं। इसके बाद वहां से दूसरी बस में बैठना पड़ता है। इससे समय व किराया दोनों ही ज्यादा लगते हैं। हाईकोर्ट व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जाने वालों को आए दिन ये किल्लत उठानी पड़ती है। अपने शहर से सीधी बसें उपलब्ध होने पर लोगों का काफी आसानी होगी।
इन शहरों के अलावा गांवों के रूटों पर भी बसें चलाने की तैयारी है। उदाहरण के लिए बरेली की तहसील आंवला के लिए मुरादाबाद से तमाम यात्री रोजाना सफर करते हैं। वहां खाटू श्याम मंदिर होने के कारण अमरोहा, संभल व रामपुर से भी जाने वालों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। इसके बावजूद मुरादाबाद से आंवला के लिए सीधी बस नहीं हैं। एक बस सुबह व एक शाम को चलती है, जोकि सिरौली में यात्रियों को उतार देती है। इसी तरह मुरादाबाद से हापुड़ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें पिलखुआ उतरना पड़ता है। वहां से हापुड़ के लिए ऑटो में बैठकर जाना पड़ता है। मुरादाबाद परिक्षेत्र के पास फिलहाल 700 बसें हैं। इन्हें बढ़ाकर 800 से अधिक किया जाना है। इसके बाद बड़े शहरों व छोटी तहसीलों के मुख्य गांवों तक बस सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
पीईटी परीक्षार्थियों के लिए बस अड्डे पर डटे पर रहे आरएम
मुरादाबाद। रविवार को भी जिले में साढ़े 26 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पीईटी के लिए पहुंचे थे। इस दौरान बिजनौर, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर जाने वाले छात्रों को कांठ रोड स्थित किले से बसें मिलीं। जानकारी के अभाव में परीक्षार्थी बस अड्डे पर पहुंच रहे थे। ऐसे में आरएम मोहम्मद परवेज खां बस अड्डे पर डटे रहे उन्होंने एआरएम के साथ दोनों बस अड्डों का निरीक्षण किया। गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ जाने वाले छात्रों को मुरादाबाद डिपो से ही बसें मिलीं। आरएम ने बताया कि दो दिन में मुरादाबाद मंडल की बसों में तीन लाख से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है।
बसों की संख्या बढ़ाने पर कार्य चल रहा है। नवंबर में कुछ नई बसें आने की उम्मीद है। इसके बाद यूपी के बड़े शहरों के लिए सीधी बसें चलाई जाएंगी। अनुबंधित बसों की संख्या बढ़ेगी तो गांवों के रूटों पर भी सेवा विस्तार हो सकेगा।
- मोहम्मद परवेज खां, आरएम मुरादाबाद