उत्तराखंड के रामनगर से शनिवार को मुरादाबाद जा रही बस अनियंत्रित होेकर खाई में पलट गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 24 यात्री जख्मी हो गए। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस से निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुरादाबाद-काशीपुर-रामनगर मार्ग पर प्राईवेट बस यूनियन की सुपरफास्ट बस सेवा की बस काशीपुर से मुरादाबाद जा रही थी।
बताया गया कि बस चालक तेज गति से बस को चला रहा था कि अचानक चालक ने गति से नियंत्रण खो दिया और बस 10 फिट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में लाल बानो (50) निवासी पश्चिमी बंगाल के जिला मुर्शिदाबाद की मौत हो गई, जबकि लगभग 24 यात्री घायल हो गए। बस गिरने के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई और आवाज सुनकर डिलारी दोराहे पर मौजूद लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।
इसके बाद सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को प्राईवेट वाहनों के साथ ही एंबुलेंस से जिला अस्पताल और निजी अस्पताल को भेज दिया। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी ठाकुुरद्वारा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बस की सीट के बीच फंसी महिला के शव को निकालने की कोशिश की। वहीं पर एक काला सांप दिखकर पुलिस कर्मी भी सकते में आ गए।