मुरादाबाद। मुगलपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का कबूतर छत लांघकर पड़ाेसी की छत पर चला गया। इसके विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के दो सगे भाइयों ने तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। छर्रे लगने से दूसरे पक्ष की युवती समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी भाइयों मकबूल उर्फ फूल और असलम उर्फ चांद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह घटना तबेला लालबाग मोहल्ले में सुबह 10 बजे हुई। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि खैराती उर्फ गुल्लू और उनके पड़ोसी मकबूल ने घर में कबूतर पाल रखे हैं। मंगलवार सुबह खैराती का एक कबूतर उड़कर मकबूल की छत पर बैठ गया। खैराती का बेटा रईस अपना कबूतर मांगने मकबूल के घर पहुंचा तो मकबूल और उसके भाई असलम ने गाली-गलाैज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों भाइयों ने जान से मारनी की धमकी दी।
शोर सुनकर रईस के भाई सरदार, अकरम, बहन तरन्नुम व चचेरा भाई वसीम भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। तभी मकूबल और असलम घर से तमंचा लेकर आ गए और फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें रईस, उसकी बहन और भाई छर्रे लगने से घायल हो गए। किसी के सिर तो किसी के मुंह और हाथ में छर्रे लगे, जिससे सभी खून से लथपथ हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी आ गए। भागते समय कई लोग गिरकर भी चोटिल हो गए। घटना के बाद सरदार, अकरम, तरन्नुम व वसीम ने थाने पहुंचकर शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। दो लोग अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। मारपीट में दूसरे पक्ष के मकबूल और असलम को भी चोट आई। मोहल्ले के शाकिर हुसैन ने कहा कि आरोपी भाइयों ने तमंचों से फायरिंग की थी। इससे कई लोगों के छर्रे लगे। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोग भी घायल हो गए।
-
दोनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों मकबूल और असलम को दबोच लिया। उन्हें थाने लाकर बैठा लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष मुगलपुरा कुलदीप तोमर ने बताया कि रईस का कबूतर पड़ोसी मकबूल की छत पर जाने के विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। फायरिंग में कुछ लोग घायल भी हुए। माैके से कारतूस के दो खोखे बरामद हुए हैं। घायलों का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।