पाकबड़ा(मुरादाबाद)। नगर के छतरी वाले कुएं मोहल्ले में मंगवार को घर के बाहर बैठी महिला संतोष देवी पर सांड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला घायल हो गई। उसे साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किराना कारोबारी मनोज गुप्ता की मां संतोष देवी अपने घर के बाहर बैठी थी। उनके साथ अन्य कई बुजुर्ग महिलाएं मौजूद थीं। मंगलवार की दोपहर अचानक सांड़ आ गया और उसने हमला हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे तैसे उन्हें बचाया और महानगर के साईं अस्पताल में भर्ती कराया है। संतोष देवी के भतीजे उपकार गुप्ता ने बताया की उनकी चाची का इलाज चल रहा है। सांड़ कई लोगों के पर पहले भी हमला कर चुका है। नगर पंचायत में इसकी शिकायत की गई थी लेकिन फिर सांड़ को नहीं पकड़ा गया है।
-
छह माह में पांच मौतों का कारण बन चुके है छुट्टा पशु
संवाद न्यूज एजेंसी
पाकबड़ा। इलाके में इस समय आवारा पशुओं के आतंक फैला हुआ है। सड़कों पर घूम रहे सांड़ और अन्य छुट्टा मवेशी अब केवल यातायात में बाधा नहीं बन रहे हैं बल्कि जानलेवा हमलावर बन गए हैं। पिछले छह माह में इन आवारा पशुओं के कारण हुए अलग-अलग दर्दनाक हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
16 नवंबर को थानाक्षेत्र के रतनपुर गांव में एसईजेड रोड पर बहादुरपुर राजपूत गांव निवासी फल विक्रेता राजकुमार की बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में राजकुमार की मौत हो गई थी। 19 नवंबर की रात सांड़ों के झुंड के हमले में मैनाठेर थानाक्षेत्र के लालपुर गंगवारी गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक मरगूब की मौत हो गई थी। इससे पहले 20 जून को मंगूपुर गांव निवासी फर्म के गार्ड राकेश सिंह नया मुरादाबाद में सांडों के हमले में शिकार हो गए थे।
एक दिसबंर की रात को हाईवे पर थाने के सामने पिकअप के आगे अचानक सांड़ आ गया। सांड़ से बचने के प्रयास में पिकअप बेकाबू होकर सर्विस रोड पर आ गई। इस हादसे में तीन युवक कुचले गए। इसमें ईदगाह निवासी फरमान और समीर की मौत हो गई थी।